भोरंज में 93 करोड़ से पेयजल योजना का कार्य शुरू
करहा में डे-बोर्डिंग स्कूल खुलेगा, बच्चों को पढ़ाई के लिए मिलेगी आधुनिक सुविधा : सुरेश
विधायक ने किया जाहू मेवा उत्सव का शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
भोरंज/जाहू (हमीरपुर)। उपमंडल भेारंज के जाहू में मंगलवार को जाहू मेवा उत्सव का शुभारंभ विधायक सुरेश कुमार ने विधिवत पूजन के साथ ढोल नगाड़ों की थाप के साथ किया। पंचायत प्रधान अनुराधा शर्मा ने उन्हें शॉल और टॉपी पहनाकर सम्मानित किया। विधायक सुरेश कुमार ने कहा कि जाहू में 16 करोड़ की लागत से औद्योगिक क्षेत्र का कार्य अति शीघ्र शुरू होगा। जिले में दो कृत्रिम झीलों का निर्माण किया जाएगा। इसमें एक जाहू सीर खड्ड और दूसरी कुनाह खड्ड पर बनाई जाएगी। इनमें खेल, बोटिंग व अन्य कई गतिविधियां शामिल होंगी। इसकी शीघ्र ही डीपीआर तैयार की जएगी। इसके अतिरिक्त भोरंज में 93 करोड़ की लागत से पेयजल योजना का कार्य शुरू हो गया है। गोबिंद सागर से पानी उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और सड़क सुविधा के लिए करोड़ों खर्च किए जा रहे हैं। बच्चों को उनके घर द्वार पर आधुनिक सुविधा मिले, इसके लिए 55 करोड़ से करहा में डे-बोर्डिंग स्कूल खोला जा रहा है। इससे बच्चों को पढ़ाई के लिए आधुनिक सुविधा मिलेगी। भोरंज सिविल अस्पताल में सरकार बनने के बाद सात डाॅक्टरों के पद भरे गए हैं। इसके अलावा वर्ल्ड बैंक, ऑक्सीजन प्लांट व नए भवन में फर्नीचर की व्यवस्था भी की गई है। भोरंज उपमंडल हेडक्वार्टर का शहरीकरण करने का कार्य पूरे जोर पर चला हुआ है। भोरंज के सम्मू ताल के सौंदर्यीकरण व बस अड्डे का निर्माण कार्य भी युद्ध स्तर पर जारी है। अम्मण में जल शक्ति विभाग का विश्राम गृह बनकर तैयार हो चुका है। इस अवसर पर जाहू पंचायत की प्रधान अनुराधा शर्मा, उपप्रधान चमन लाल, पूर्व प्रधान चमन लाल काकू, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष विजय वनियाल, सोशल मीडिया प्रभारी रिंकू जरियाल आदि मौजूद रहे।