खंड स्तरीय रंगोत्सव प्रतियोगिता का अवलोकन के उपरांत खंड परियोजना अधिकारी एवं प्रधानाचार्य अनिल
खंडस्तरीय रंगोत्सव में 18 स्कूलों के 87 प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा
मुख्यमंत्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भोरंज में हुई रंगोत्सव प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
जाहू/भोरंज (हमीरपुर)। समग्र शिक्षा विभाग की ओर से मुख्यमंत्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भोरंज में खंडस्तरीय रंगोत्सव प्रतियोगिता का आयोजन खंड परियोजना अधिकारी एवं प्रधानाचार्य अनिल डोगरा की अध्यक्षता में किया गया। इसमें भोरंज शिक्षा खंड के 10 स्कूलों के करीब 87 प्रतिभागियों ने तीन स्पर्धाओं में भाग लेकर रंगों से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। यह प्रतियोगिता समग्र शिक्षा विभाग हिमाचल प्रदेश की ओर से अपर प्राइमरी अर्थात 6वीं से 8वीं कक्षा के बच्चों को सांस्कृतिक विविधता के बारे में जागरूकता करने के लिए किया गया। हालांकि, रंगोली प्रतियोगिता में प्रत्येक स्कूल ने अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन राजकीय माध्यमिक पाठशाला ललयार में आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली तृष्णा कुमारी ने सबसे अच्छी रंगोली बनाकर प्रथम स्थान हासिल किया। स्केचिंग प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाहन्वीं के शिवांश ने प्रथम स्थान हासिल किया। 2 डी पेंटिंग प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बडैहर में आठवीं कक्षा के कोमल ने शानदार चित्र बनाकर प्रथम स्थान हासिल किया। इस अवसर पर खंड परियोजना अधिकारी एवं प्रधानाचार्य अनिल डोगरा ने कहा कि समग्र शिक्षा विभाग बच्चों की प्रतिभाओं को पहचाने में सराहनीय कार्य कर रहा है। ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रतियोगिता की भावना पैदा करती है। उन्होंने कहा कि तीनों स्पर्धाओं में प्रथम स्थान पर रहे प्रतिभागी अक्तूबर के प्रथम सप्ताह में शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान गौना करौर में होनी वाली जिला स्तरीय रंगोत्सव प्रतियोगिता में भोरंज खंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। खंड के प्रतिभागियों की सूची डाइट गौना करौर को भेज दी गई।