हमीरपुर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान गौना करौर में जेबीटी शिक्षकों के लिए आयोजित कार्यशाला के तीसरे दिन शिक्षकों को चार सत्रों में प्रशिक्षण दिया गया। तीसरे दिन का शुभारंभ प्रार्थना एवं पुनरावृत्ति के साथ किया गया। प्रथम सत्र में गणित विषय में बुनियादी संक्रियाओं, पूर्ण संख्याओं, स्थानीय मान, भिन्नों और मापन को कक्षा तीन को रोचक तरीके से पढ़ाने के लिए गतिविधि माध्यमों का प्रशिक्षण दिया गया। दूसरे और तीसरे सत्र में हिंदी एवं अंग्रेजी विषय में विद्यार्थियों को सुनने और बोलने के कौशल, पठन कौशल, लेखन कौशल, शब्दावली विकास, प्रवाह और समझ, शिक्षण, कविता, शिक्षण लोक कथाओं और कहानियों और सृजनात्मक लेखन तथा चौथे सत्र में हिमाचल प्रदेश में गुणवत्ता आधारित शिक्षा से संबंधित नवीनतम दिशानिर्देशों, स्मार्ट यूनिफॉर्म, स्वास्थ्य और स्वच्छता के बारे में बताया गया। इस मौके पर जिला परियोजना अधिकारी मदन लाल बन्याल, जिला शिक्षक प्रशिक्षण प्रभारी भवानी सिंह, प्रताप सिंह, नेक मोहम्मद, पुनीत कुमार, पूनम शर्मा, सरोज कुमारी सहित अन्य उपस्थित रहे।