बड़ा (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत बड़ा के वन विभाग की धनपुर बीट के तहत गांंव अंदारा के पास बारहसिंगा खेत में मृत अवस्था में मिला है। इस जंगली बारहसिंगा की मौत कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। शिकार की आशंका जताई जा रही है। फसलों को बचाने के लिए लगाए गए कंटीले तारों में फंसने से जानवर की मौत हुए है या फिर शिकार से, यह पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।
पंचायत वासियों ने इस संदर्भ में वन विभाग के अधिकारियों को वीरवार को सूचित कर दिया था लेकिन वन विभाग ने शुक्रवार को इस मृत जानवर को अपने कब्जे में लिया गया। इस बारे में वन विभाग नादौन के रेंज अधिकारी राजीव सूद ने कहा कि सूचना वीरवार को ही मिल गई थी लेकिन नादौन में वन मित्रों कि भर्ती के चलते वे मौके पर नहीं पहुंच सके। शुक्रवार सुबह ही मृत बारहसिंगा को कब्जे में ले लिया है। पशुपालन विभाग मृत जानवर के शरीर का पोस्टमार्टम करेगा। रिपोर्ट आते ही इस घटना की पूरी छानबीन की जाएगी। इस बारे में पशुपालन विभाग के पशु चिकित्सालय रैल के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज लखनपाल ने कहा कि मृत जंगली जानवर का पोस्टमार्टम कर दिया गया है। एक दो दिन में जंगली जानवर की मृत्यु के कारणों का पता रिपोर्ट में चल जाएगा।