आंगनबाड़ी केंद्र जाहू कलां में डायरिया की बीमारी से ग्रामीणों को किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
जाहू (हमीरपुर)। महिला एवं बाल विकास परियोजना भोरंज के अंतर्गत आने वाले आंगनबाड़ी केंद्र जाहू कलां में मंगलवार को जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सावित्री रांगड़ा ने की। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को डायरिया से बचने के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया और मानसून के मौसम में स्वच्छता को बनाने पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मानसून और मौसम के बदलने से गांवों को डायरिया के फैलने की संभावना ज्यादा बढ़ जाती है। ऐसे में लोगों को अपने स्वास्थ्य के बारे में विशेष ध्यान रखना चाहिए। उल्टी-दस्त या बुखार आना डायरिया के लक्षण हैं। डायरिया से बचने के लिए सबसे पहले घर में ओआरएस रखें और बीमार होने पर रोगी को तुरंत ओआरएस पिलाएं और सरकारी अस्पताल में जाकर इलाज करवाएं। मानसून में अनेकों बीमारियां दूषित पानी से फैलती हैं। ऐसे में साफ-सफाई और खानपान पर विशेष ध्यान दें ताकि सभी लोग स्वस्थ रहकर अपना जीवनयापन कर सकें। इस दौरान सपना शर्मा, शांता देवी, शशि शर्मा, सपना, शगुन, वैशनवी, आयुश शर्मा, आयान, जानवी, माया देवी और अन्य उपस्थित रहे।