हमीरपुर। बड़सर उपमंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत दांदड़ू के तीन वार्डों को कंटेनमेंट जोन से विमुक्त (डी-नोटिफाई) कर दिया गया है। इसके आदेश जिलादंडाधिकारी हरिकेश मीणा ने जारी किए हैं। आदेशों के अनुसार ग्राम पंचायत दांदड़ू की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, दांदड़ू में संस्थागत संगरोध सुविधा स्थल में रखे गए एक व्यक्ति के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि के बाद 16 मई को पंचायत के वार्ड नंबर-3 (कशवाड़ गांव), वार्ड नंबर-5 (समैला एवं दांदड़ू गांव) तथा वार्ड नंबर-6 (छुछमी, आदरी व लाभण गांव) को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया था। आदेशों में कहा गया है कि इन क्षेत्रों में एक्टिव केस फाइंडिंग अभियान के दौरान और 14 दिन की अवधि में कोरोना संक्रमण का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। ऐसे में इन क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन में रखने की आवश्यकता नहीं है। यह क्षेत्र अब कंटेनमेंट जोन से विमुक्त (डी-नोटिफाई कर दिए गए हैं और यहां जिला के अन्य सामान्य भागों की तरह कर्फ्यू में ढील के दौरान विभिन्न गतिविधियों की छूट रहेगी। यह आदेश तुरंत प्रभाव से लागू माने जाएंगे।