हमीरपुर। पथ परिवहन निगम हमीरपुर प्रबंधन ने तीन परिचालकों को टिकटों की धांधली करते हुए पकड़े जाने पर कार्रवाई शुरू कर दी है। इसमें से एक को कुछ सप्ताह पूर्व निलंबित कर दिया गया था, जबकि दो परिचालकों पर भी निगम के कर्मचारी कार्रवाई करने की तैयारी में है। एचआरटीसी डिपो प्रबंधन इन दो परिचालकों पर चार्जशीट तैयार करने जा रहा है।
इसके बाद इन परिचालकों के तबादले दूसरे डिपुओं में किए जा सकते हैं। निलंबित किए गए परिचालक के पास 293 रुपये कम नकदी पाई गई है। इस कारण निगम प्रबंधन ने इस कर्मचारी को निलंबित करना ही उचित समझा। दो परिचालकों पर चार्जशीट तैयार करने के पीछे इनकी नकदी में 18 रुपये और 56 रुपये कम होना है। निगम के नियमों के अनुसार अगर किसी परिचालक की टिकटों के नकदी में सौ रुपये तक की कमी होती है तो उन पर चार्जशीट तैयार की जाती है। नकदी में सौ रुपये से ज्यादा की कमी होने पर ही एचआरटीसी कोई बड़ा फैसला लेने के लिए अधिकृत होता है।
पथ परिवहन निगम के डिपो हमीरपुर के पास 147 बस रूट हैं। इनमें से कुछ लंबे रूट वाले भी हैं। इन बसों के सही तरह से परिचालन के लिए 175 परिचालक दिन और रात लगातार अपने सेवाएं देकर यात्रियों को सुविधाएं प्रदान कर रहे हैं। परिचालकों और बाबुओं में से ही कुछ को निरीक्षण दस्ते में शामिल करके स्टाफ की कमी को पूरा करने का कार्य किया जा रहा है। डिपो हमीरपुर में अभी भी स्टाफ की कमी चली हुई है। इससे बसों की जांच के लिए छह निरीक्षण टीमें लिपिकों और परिचालकों की तैयार की गई हैं।
बाक्स
पथ परिवहन निगम डिपो हमीरपुर के उपमंडलीय प्रबंधक राजकुमार पाठक ने बताया कि विशेष निरीक्षण टीमों ने पूरे जिले में बसों में यात्रियों की टिकटों का जांचने का अभियान चलाया हुआ है। इस दौरान तीन परिचालकों के पास कैश सवारियों के मुताबिक सही नहीं पाया गया है। उनकी टिकटें बस में मौजूद सवारियों के अनुसार सही नहीं पाई गई हैं। इनमें से एक परिचालक को पिछले हफ्ते निलंबित कर दिया गया था जबकि नकदी में मामूली अंतर होने के कारण उनके खिलाफ चार्जशीट तैयार की जा रही है।