एनआईटी हमीरपुर में वार्षिक टेक फेस्ट निंबस का शुभारंभ करते निदेशक प्रोफैसर एचएम सुर्यवंशी
हमीरपुर। एनआईटी हमीरपुर में शुक्रवार को वार्षिक टेक फेस्ट निंबस का आगाज हुआ। उत्साह और नवीनता से भरपूर इस आयोजन में विभिन्न गतिविधियां देखने को मिलेंगी। इंजीनियरिंग कौशल का शानदार प्रदर्शन इस फेस्ट के दौरान होगा। संस्थान के निदेशक प्रोफेसर एचएम सूर्यवंशी ने वार्षिक फेस्ट का शुभारंभ किया। इस फेस्ट में हिमाचल प्रदेश में रोबोवार्स प्रतियोगिता भी होगी। संस्थान में यह पहली राष्ट्रीय स्तर की रोबोटिक प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसके अलावा स्वास्थ्य शिविर और प्रदर्शनी स्वास्थ्य विभाग की तरफ से फेस्ट में लगाई गई है। इस शिविर में लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य जांच और परामर्श प्रदान किया जाएगा। ऑटो-एक्सपो प्रतियोगिता इस फेस्ट में भविष्य की ऑटोमोटिव तकनीक की एक झलक पेश करेगी। ओपन प्रदर्शनी प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा और परियोजनाओं को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेगी। इसके साथ ही ड्रोन एक्सपीरियंस जोन ड्रोन उड़ाने का रोमांचक अनुभव प्रदान करेगा। एमटीबी शो माउंटेन बाइकिंग के शौकीनों के लिए एक रोमांचक प्रदर्शन होगा। रॉकेट लीग एक लोकप्रिय वीडियो गेम का रोमांचक टूर्नामेंट होगा। अतिथि व्याख्यान में चंद्रयान-3 वैज्ञानिकों सहित प्रतिष्ठित वैज्ञानिक प्रेरक व्याख्यान इस फेस्ट में होंगे। निदेशक सूर्यवंशी ने कहा कि निंबस 2024 नवाचार और सहयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। यह कार्यक्रम तकनीकी उत्कृष्टता और रचनात्मक सरलता की ओर से परिभाषित भविष्य की दिशा में सराहनीय आयोजन है। इस मौके पर डीन (छात्र कल्याण) डॉ. अशोक कुमार, डीन (शैक्षणिक) डॉ. सिद्धार्थ, एसोसिएट डीन डॉ. प्रदीप सिंह और डॉ एसके सोनी, संकाय प्रभारी (तकनीकी गतिविधियां) डॉ. तापस पलाई उपस्थित रहे।