सर्वे का परिणाम तय करेगा जिला में निपुण भारत मिशन की सफलता
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। निपुण भारत मिशन के अंतर्गत एजुकेशन हब हमीरपुर के पहली और दूसरी कक्षा के विद्यार्थियों का असेसमेंट (मूल्यांकन) सर्वे होगा। इस सर्वे के माध्यम से विद्यार्थियों के भाषा ज्ञान सहित अन्य विषयों की परख की जाएगी। सर्वे का परिणाम तय करेगा कि जिला में निपुण भारत मिशन कितना सफल हुआ है। सात अक्तूबर को पहली कक्षा के विद्यार्थियों और आठ अक्तूबर को दूसरी कक्षा के विद्यार्थियों की असेसमेंट करवाई जाएगी। असेसमेंट सर्वे के लिए शीट्स और प्रत्येक स्कूल को एक-एक इंस्ट्रक्शन मैन्युअल दिया गया है। इसी मैन्युअल से अध्यापकों को सर्वे करने में आसानी होगी। डाइट हमीरपुर के मीडिया प्रभारी भवानी सिंह ने कहा कि जिला में करीब 423 प्राइमरी स्कूल हैं। प्रत्येक विद्यार्थी से एक-एक असेसमेंट शीट भरवाई जाएगी। इस शीट में कुछ प्रश्न होंगे, जिन्हें हल करने के लिए विद्यार्थियों को दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दो दिन की असेसमेंट के बाद जो बच्चों को डाटा तैयार होगा, उसे राज्य स्तर पर पहुंचाया जााएगा और बच्चों की सफलता का अनुमान लगाया जाएगा। यही अनुमान तय करेगा कि निपुण भारत मिशन को जिले में कितनी सफलता मिली है। इसी परिणाम के बाद आगामी योजनाओं के बारे में निर्णय लिए जाएंगे।