50 कनाल जमीन विभाग के नाम होने के बावजूद नहीं हो पा रहा काम
संवाद न्यूज एजेंसी
बिझड़ी (हमीरपुर)। विधानसभा क्षेत्र बड़सर में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल का निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। इसके लिए कोहडऱा में 50 कनाल जमीन विभाग के नाम भी हो चुकी है। इसके निर्माण के लिए पहली किस्त भी जारी हो चुकी थी। गत वर्ष आपदा के कारण इसका निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया था। उसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो पाई। पूर्व उपायुक्त हमीरपुर हेमराज बैरवा, पूर्व एसडीएम बड़सर डॉ. रोहित शर्मा ने जिला शिक्षा उपनिदेशक और अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग ने कोहड़रा में प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण भी किया था और उपस्थित लोगों को जल्द से जल्द डे-बोर्डिंग स्कूल के निर्माण कार्य को शुरू करने का भरोसा दिलाया था। जब प्रदेश में कांग्रेस की सुक्खू सरकार बनी थी तो उनकी प्रस्तावना थी कि हर एक विधानसभा में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल खोला जाएगा। इसी के चलते विधानसभा के लोगों को लगा था कि आने वाले समय बच्चों को एक बढि़या शिक्षण संस्थान उपलब्ध होगा लेकिन अभी तक कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इस संदर्भ में ग्राम पंचायत कोहड़रा के उपप्रधान संदीप सिंह ने कहा कि उनकी पंचायत में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल बनना प्रस्तावित है और इसकी औपचारिकताएं भी पूरी हो गई हैं।