गांधी चौक पर चैंबर लीकेज को ठीक करते कर्मचारी। संवाद
गांधी चौक और बस अड्डे के पास हो रहे थे हादसे
लोगों की शिकायत पर नगर परिषद ने शुरू किया काम
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिला मुख्यालय में चैंबरों से हो रही लीकेज और खुले ढक्कनों को बंद करने का कार्य नगर परिषद ने शुक्रवार को शुरू कर दिया है। इन चैंबरों से लीकेज हो रही थी। इससे आसपास के दुकानदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। वहीं, गांधी चौक पर एक सीवरेज चैंबर का ढक्कन खुला होने के कारण यहां पर हादसे हो रहे थे। गत दिवस भी शाम के समय ढक्कन खुला होने के कारण एक महिला का पैर इसमें फंस गया। उसे आसपास के लोगों ने निकाला। यहां पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। वहीं, बरसात की पहली बारिश में ही सीवरेज चैंबर लीक होना शुरू हो गए हैं। इसकी शिकायत लोगों ने नगर परिषद से की थी। नगर परिषद ने शुक्रवार को इन सीवरेज चैंबरों को ठीक करने का कार्य शुरू कर दिया है। वहीं, बस अड्डे के पास बना सीवरेज चैंबर का ढक्कन दुर्घटनाओं को न्योता दे रहा है। इसका ढ़क्कन सड़क के लेवल से काफी ऊंचा है। यहां पर वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। लोगों सुमित, रजनीश, दीपक, मनोहर लाल, शुभम आदि ने कहा कि सीवरेज चैंबर लीकेज कर रहे हैं और दुर्गंध आ रही है। इस बारे में नगर परिषद के अध्यक्ष मनोज मिन्हास ने कहा कि लीकेज चैंबरों को ठीक करने का कार्य शुरू कर दिया गया है।