बजट 64 करोड़ से बढ़कर 157 करोड़ रुपये तक पहुंचा
मंडी के बरच्छवाड़ से लेकर हमीरपुर के जाहू तक सीर खड्ड का होना है चैनलाइजेशन
संवाद न्यूज एजेंसी
जाहू (हमीरपुर)। दो जिलों हमीरपुर और मंडी की सीमाओं से साथ बहने वाली सीर खड्ड के चैनलाइजेशन महज नेताओं के भाषणों और चुनावी वादों तक सीमित होकर रह गया है। बरच्छवाड से जाहू तक करीब 11 किलोमीटर खड्ड का चैनलाइजेशन होना है। यह कार्य 12 सालों में शिलान्यास और विभागीय फाइलों तक ही सीमित है। जबकि चैनलाइजेशन के निर्माण कार्य के बजट में ढाई गुणा वृद्धि हो चुकी है। इसके बावजूद केंद्र सरकार चैनलाइजेशन के लिए बजट जारी नहीं कर सकी है। दो जिलों के करीब एक दर्जन पंचायतों के प्रतिनिधियों व किसानों की मांग पर वर्ष 2012 में सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र के बरच्छवाड़ में तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के कार्यकाल में पूर्व जल शक्ति मंत्री रविंद्र सिंह रवि ने सीर खड्ड के चैनलाइजेशन का शिलान्यास करके जल्द कार्य शुरू करने की घोषणा की थी। उस समय सीर खड्ड के चैनलाइजेशन की डीपीआर करीब 64 करोड़ रुपये से तैयार की थी। सीर खड्ड के चैनलाइजेशन की मांग कई बार विधानसभा में उठा चुकी है। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की सरकार के समय जल शक्ति मंत्री मंत्री ठाकुर महेंद्र सिंह ने सीर खड्ड के चैनलाइजेशन का कार्य जल्द शुरू करने की घोषणा की और जल शक्ति विभाग मंडल सरकाघाट ने दोबारा 2022 में करीब 156.66 करोड़ की डीपीआर तैयार करके केंद्र सरकार को स्वीकृति के लिए भेजी है। उसके बाद केंद्र सरकार की दो एजेंसियों ने सीर खड्ड का निरीक्षण करके इसके तटीकरण को मंजूरी दी है। अब जल शक्ति विभाग सीर खड्ड के चैनलाइजेशन के लिए केंद्र सरकार के बजट का इंतजार कर रहा है। यह कार्य जल शक्ति विभाग मंडल सरकाघाट के अधीन होना प्रस्तावित है। उधर, जल शक्ति विभाग मंडल सरकाघाट के अधिशासी अभियंता विवेक हाजरी का कहना है कि सीर खड़्ड का तटीकरण कार्य सरकाघाट मंडल के अधीन है। विभाग ने इसकी डीपीआर तैयार करके केंद्र की स्वीकृति के लिए भेजी है। बजट आने का इंतजार किया जा रहा है।