नादौन (हमीरपुर)। राजकीय महाविद्यालय नादौन में चल रहे हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय युवा समारोह भाग 3 के दूसरे दिन के प्रात:कालीन सत्र में मुख्यातिथि उपायुक्त हेमराज बैरवा रहे।
प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार गौतम ने मुख्यातिथि को सम्मानित करते हुए उनका महाविद्यालय में पधारने पर आभार व्यक्त किया। वहीं, यूथ फेस्टिवल में प्रदेश के विभिन्न कॉलेजों के प्रतिभागी विद्यार्थियों ने लोकनृत्य और समूहगान प्रतियोगिता में खूब रंग जमाया।
बुधवार को युवा उत्सव के दूसरे दिन महाविद्यालय नादौन में राजकीय महाविद्यालय खुंंडियां, राजगढ़, रामपुर बुशहर, द्रंग मंडी, मझीन, सरस्वतीनगर, चौड़ा मैदान, भरमौर, रोहडू, घुमारवीं, बड़सर, सोलन, तीसा, ढलियारा, मंडी, ठियोग, शिमला, भोरंज, हरिपुर व ज्वालाजी कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इन प्रतिभागियों की किस्मत का फैसला कल होगा।हेमराज बैरवा ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र जीवन में शैक्षिक गतिविधियों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अपना महत्व है और छात्रों को इसमें बढ़-चढ़कर अपना योगदान देना चाहिए।
सायंकालीन सत्र में मुख्यातिथि के रूप में डाॅ. आकृति शर्मा पुलिस अधीक्षक हमीरपुर ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। महाविद्यालय प्रांगण में मुख्यातिथि का प्राचार्य डाॅ. अनिल कुमार व स्टाफ ने स्वागत किया। मुख्यातिथि ने सभी विद्यार्थियों को उनकी प्रस्तुति के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के लिए आवश्यक बताया।
कहा कि इन कार्यक्रमों में भाग लेने से विद्यार्थी अपनी संस्कृति से जुड़े रहते हैं। जीत उसी की होती है जो मेहनत करते हैं। मुख्यातिथि ने निर्णायक मंडल की भूमिका में आए सभी लोगों की प्रतिभा की भी
तारीफ की।