रेबीज के टीके नहीं, मरीज अन्य अस्पतालों की ओर कर रहे रुख
संवाद न्यूज एजेंसी
टौणी देवी (हमीरपुर)। डॉ. नागरिक लश्करी राम राठौर नागरिक अस्पताल टौणी देवी में अरसे से मरीजों को नाममात्र सुविधाएं मिल रही हैं। सीएचसी का दर्जा मिलने के बाद भी टौणी देवी अस्पताल में मरीजों को इलाज के लिए भटकना पड़ रहा है। अस्पताल में महिला शिशु रोग विशेषज्ञ का पद खाली है। कुछ समय पहले महिला विशेषज्ञ के स्थानांतरण के उपरांत यह पद खाली हैं। अस्पताल में रेबीज के टीके भी नहीं हैं। इससे लोगों को महंगे दामों पर टीके खरीदने पड़ रहे हैं। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की सुविधा दो साल से रिक्त है। महिला शिशु विशेषज्ञ डाॅक्टर न होने से मरीजों को हमीरपुर, सुजानपुर, भोरंज, मंडी और अन्य अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। टौणी देवी अस्पताल में टौणी देवी, बमसन, चौरी, पटलांदर, कक्कड़ आदि स्थानों से रोजाना सैकड़ों मरीज पहुंचते हैं लेकिन सुविधाओं के अभाव में मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बीएमओ रमेश का कहना है कि अभी 4000 रेबीज टीकों का ऑर्डर दिया है। अस्पताल में स्टाफ की कमी के लिए उच्च अधिकारियों को लिखा गया है। उम्मीद है कि सरकार जल्द ही यहां पर खाली पदों को भरेगी। अस्पताल में सुविधाओं की कमी को दूर करने के प्रयास किए जाएंगे।