हमीरपुर। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता प्रेम कौशल ने प्रेस बयान में कहा कि प्रदेश के बेसहारा, अनाथ और विधवा महिलाओं के बच्चों का सहारा बने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की सरकार को अस्थिर करने का षड्यंत्र करने वाले नेता अपने मंसूबों में कभी कामयाब नहीं होंगे। भाजपा ने कर्मचारियों की पुरानी पेंशन देने का विरोध किया। पार्टी ने महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह पेंशन देने की योजना का भी विरोध किया। प्रदेश में आई आपदा में प्रभावितों की सहायता करने के बजाए राजनीति करते रहे और केंद्र से विशेष आर्थिक पैकेज नहीं मिलने दिया। ऐसी पार्टी और नेताओं का दामन थामने वाले विधायकों को जनता के आक्रोश के साथ पराजय का भी सामना करना पड़ेगा। कौशल ने कहा कि अपनी महत्वाकांक्षा और प्रलोभन के चलते दल बदल की राजनीति करने वाले नेताओं की वजह से ही आज राजनेताओं से जनता का विश्वास समाप्त हो चुका है और राजनीतिज्ञों की छवि खलनायक जैसी होती जा रही है।