हमीरपुर। शहर के वार्ड नंबर 11 में सीवरेज लाइन के लिए सड़क को उखाड़ने का मामला प्रशासन के पास पहुंच गया है। सोमवार को स्थानीय लोगों ने इस समस्या के संबंध में ज्ञापन सौंपा। लोगों ने कहा कि एक निजी स्कूल के नजदीक वर्ष 2020 में जलशक्ति विभाग ने सीवरेज लाइन डालने के लिए सड़क को उखाड़ा था। पाइप डालने का काम नवंबर 2020 को पूर्ण कर दिया गया। लेकिन जलशक्ति विभाग ने उखाड़ी सड़क को ठीक नहीं किया। स्थानीय लोगों ने स्वयं ही कुछ हद तक सड़क को चलने योग्य बनाया। लेकिन अब वर्षा होने के बाद यह सड़क चलने योग्य नहीं रही है। जलशक्ति विभाग को इस सड़क को ठीक करने को कहा गया। लेकिन अब छह माह बीत जाने पर भी विभाग कुंभकरण की नींद सोया हुआ है। इस सड़क पर अब चलना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2003-04 में इस सड़क की मरम्मत नगर परिषद हमीरपुर ने की थी। उसके बाद इसकी देखरेख का काम स्थानीय निवासियों ने जनसहयोग से धनरात्रि एकत्रित करके किया। उन्होंने मांग की है कि जल शक्ति विभाग को आदेश दिए जाएं की इस सड़क को शीघ्र ठीक किया जाए व वाहन चलने योग्य बनाया जाए। इस दौरान रविंद्र कुमार, राकेश कुमार, बीना देवी, राज कुमारी, सविता कुमारी, विरेंद्र सिंह, रजनीश सिंह, अश्वनी रत्न, विपिन माहिल, अनाया माहिल, निशा सोनी, विनोद ठाकुर, अनिता देवी, सरोज शर्मा उपस्थित रहे। उपायुक्त देबश्वेता बनिक ने लोगों की समस्याओं को शीघ्र हल करने का आश्वासन दिया।