बड़सर में कारगिल विजय दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व सैनिक एवं अन्य। स्रोत: भाजपा
- फोटो : mathura
बिझड़ी(हमीरपुर)। भारतीय जनता पार्टी मंडल बड़सर की ओर से आजादी के अमर सपूतों के शौर्य और बलिदान को नमन करते हुए शनिवार को कारगिल विजय दिवस की 26वीं वर्षगांठ भव्य राष्ट्रगौरव और सैनिक सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने की। उन्होंने कहा कि जब बर्फीली चोटियों पर जवान सीना ताने खड़ा होता है, तब हमें यहां घर में चैन की नींद नसीब होती है। बड़सर विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि कारगिल विजय केवल एक सैन्य जीत नहीं, यह भारत माता के वीर सपूतों के अद्वितीय पराक्रम और मातृभूमि के प्रति सर्वोच्च समर्पण का प्रतीक है। कार्यक्रम में बड़सर विधानसभा क्षेत्र के सभी पूर्व सैनिकों और बलिदानियों के परिवारों को शॉल, सम्मान-पत्र और स्मृति चिह्न भेंट किए गए। कार्यक्रम सेवानिवृत्त कर्नल एससी शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर, नादौन के पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री, भोरंज की पूर्व विधायक कमलेश कुमारी आदि मौजूद रहे।