बिझड़ी(हमीरपुर)। जिले में बारिश का कहर अभी थमा नहीं है। जमीन में इतनी नमी आ चुकी है कि थोड़ी सी भारी बारिश होने पर भूस्खलन होना आम बात हो गई है। रविवार रात को हुई बारिश से उपमंडल बड़सर की कई सड़कें अवरुद्ध हो गई। बारिश के कारण राजकीय उच्च विद्यालय बलयाह की चहारदीवारी गिर गई है। सड़कों पर जगह-जगह भूस्खलन होने और ल्हासे गिरने के कारण लोगों को अपने गणतंव्य तक पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बिझड़ी से मैहरे सड़क मार्ग पर बल्याह पुल के पास कई जगह लहासे गिर कर सड़क पर आ गए। लोक निर्माण विभाग ने सोमवार सुबह जेसीबी के माध्यम से सड़क को खुलवाया और यातायात को बहाल करवाया। वहीं, बलयाह स्कूल के मुख्य अध्यापक नरेश कुमार ने कहा कि बारिश से स्कूल की चहारदीवारी पूरी तरह से गिर गई है।