गांव डिडवीं में बनी बावड़ी की नहीं ली जा रही सुध। संवाद
डिडवीं टिक्कर (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत डिडवीं टिक्कर के अंतर्गत डिडवीं गांव में बनी प्राचीन बावड़ी जीर्णोद्धार को तरस रही है। विधायक निधि से बावड़ी के जीर्णोद्धार के लिए एक लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं, लेकिन अभी तक पैसा प्राप्त नहीं हुआ है, जिस कारण जीर्णोद्धार कार्य ही शुरू नहीं हो पाया है। मरम्मत के अभाव में बावड़ी की स्थिति खराब हो गई है। उपेक्षा की शिकार इस बावड़ी को गत दिनों जीर्णोद्धार की आस बंधी थी, लेकिन यह आस अभी आस ही बनी है। डिडवीं टिक्कर पंचायत के प्रधान कुलबीर सिंह ने कहा कि जीर्णोद्धार के लिए एक लाख रुपये विधायक निधि से स्वीकृत हुए हैं, लेकिन अभी तक यह पैसा पंचायत को उपलब्ध नहीं हुआ है। स्थानीय लोगों में अश्वनी कुमार, राजकुमार, सुदर्शन, त्रिलोक चंद, सुषमा देवी, कमला देवी आदि ने प्रशासन से आग्रह किया है कि जो एक लाख रुपये इस प्राचीन बावड़ी के जीर्णोद्धार के लिए स्वीकृत हुआ है, उससे शीघ्र इस बावड़ी का कार्य किया जाए।