हमीरपुर। उपायुक्त हरिकेश मीणा ने वीरवार को एसडीएम हमीरपुर तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ ऐतिहासिक गसोता महादेव मंदिर का संयुक्त रूप से निरीक्षण कर वर्तमान सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि गसोता महादेव मंदिर को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक गसोता मंदिर में खड्ड के साथ 200 गुणा 200 मीटर का हेलीपोर्ट बनाने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। मंदिर में तमाम तरह की सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। गसोता महादेव मंदिर में बने स्वीमिंग पूल को सुंदर तथा आकर्षक बनाने के लिए इसकी गहराई तथा चौड़ाई को बढ़ाया जाएगा। खड्ड के साथ क्रेट वायर तथा आरसीसी का डंगा लगाकर इसके आधार को मजबूत बनाया जाएगा। मंदिर में उपरोक्त तमाम तरह की सुविधाएं प्रदान करने के लिए योजना तैयार की जा रही है। जिसे शीघ्र ही अमलीजामा पहनाया जाएगा। उन्होंने गसोता महादेव मंदिर कमेटी के प्रधान को कहा कि वह आगामी बुधवार से श्रमदान के माध्यम से स्वीमिंग पूल के साथ लगती खाली जगह को समतल करवाने का कार्य शुरू करवा दें। उन्होंने कहा कि छोटा नौण व बड़ा नौण का अलग-अलग निर्माण कर गसोता महादेव मंदिर के पानी को आस्था के साथ जोड़ा जाएगा। मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग-अलग से चेंजिंग रूम व वॉश रूम का भी निर्माण किया जाएगा। उन्होंने गसोता महादेव मंदिर कमेटी के प्रधान दुनी चंद ठाकुर को मंदिर कमेटी में अधिक से अधिक लोगों को सदस्य बनाने का भी सुझाव दिया। उपायुक्त ने मंदिर में माथा टेका तथा महादेव जी का आशीर्वाद भी लिया। इस अवसर पर एसडीएम हमीरपुर चिरंजी लाल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग विवेक शर्मा, एनआईटी हमीरपुुर से आर्किटेक्टर विभाग के प्रमुख आईपी सिंह, एनआईटी से आर्किटेक्टर विभाग के प्रशिक्षु छात्र छात्राएं, मंदिर कमेटी के अन्य सदस्यगण तथा स्थानीय लोग भी उपस्थित थे। इससे पहले उपायुक्त ने एनएचएआई के अधिशासी अभियंता जगदीश चंद कानूनगो तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों सहित हीरा नगर स्थित चिल्ड्रन पार्क से लेकर एनआईटी चौक तक स्थलों का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को सड़क के दोनों ओर पैदल पथ का शीघ्र निर्माण करने के निर्देश दिए।