सलौणी (हमीरपुर)। प्रदेश तकनीकी कर्मचारी संघ जिला हमीरपुर की आपात बैठक वीरवार को आयोजित हुई। इसकी अध्यक्षता जिला कार्यकारी प्रधान दिनेश ठाकुर ने की। इसमें सर्वसहमति से निर्णय लिया गया कि जो विरोध बैठक तकनीकी कर्मचारी संघ प्रदेश इकाई ने पूरे प्रदेश में सर्किल, डिवीजन स्तर पर पांच जनवरी को रखी गई है, उसमें जिला हमीरपुर के सभी तकनीकी कर्मचारी भाग लेंगे।
यह धरना बिजली बोर्ड के कर्मचारियों के मासिक वेतन में हो रही देरी और पेंशनरों के लंबित बिलों के विरोध में आयोजित किया जा रहा है। जिला कार्यकारी प्रधान ने कहा कि अगर कर्मचारियों का मासिक वेतन नहीं आता है तो सात जनवरी को शिमला में विशाल धरना दिया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी बोर्ड प्रबंधन की होगी। इस मौके पर प्रदेश सचिव विपिन सांख्यान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पृथ्वी राज, जिला सचिव राहुल कुमार, हमीरपुर जोन प्रधान सुशील ठाकुर, जिला उपप्रधान अश्वनी ठाकुर आदि पदाधिकारी उपस्थित रहे।