हमीरपुर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान हमीरपुर(एनआईटी) फिर से अनुबंध पर आठ विभिन्न विभागों में 21 शिक्षकों की भर्तियां होंगी। अभी हाल ही में जुलाई 2022 में संस्थान में 45 के आसपास शिक्षकों की अनुबंध पर नियुक्तियां हुई हैं। अब छह माह के बाद ही संस्थान की ओर से 21 अतिरिक्त शिक्षकों को अनुबंध पर नियुक्त करने का प्रस्ताव पारित हो चुका है।
एनआईटी हमीरपुर में 23 जनवरी से 27 जनवरी तक अनुबंध आधार पर शिक्षकों की नियुक्तियां के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन और साक्षात्कार का आयोजन किया जाएगा। सिविल इंजीनियरिंग विभाग और वास्तुशास्त्र विभाग में रिक्त 3-3 पदों को भरने के लिए 23 जनवरी को साक्षात्कार और दस्तावेजों का सत्यापन होगा। इसी तरह 24 जनवरी को मेकेनिकल इंजीनियरिंग में ती पद और मैटेरियल साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में एक पद को भरने के लिए दस्तावेजों के सत्यापन और साक्षात्कार होंगे।
25 जनवरी को कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियिरिंग में 5 पद, मैथेमेटिक्स एंड साइंटिफिक कंप्यूटिंग विभाग में 3 पद भरने के लिए दस्तावेजों के सत्यापन और साक्षात्कार होंगे। 27 जनवरी को इलेक्ट्रिकल इंजीनियिरिंग में एक पद और केमिकल इंजीनियिरिंग में 2 पद भरने के लिए दस्तावेजों के सत्यापन और साक्षात्कार होंगे। पीएचडी डिग्री धारकों को 80 हजार रुपये मासिक वेतन, जबकि एमआर्क, एम-प्लान डिग्री धारकों को 70 हजार रुपये मासिक वेतन मिलेगा। साक्षात्कार में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों का स्नातकोत्तर और पीएचडी में सीजीपीए 6.5 या 60 फीसदी अंक अनिवार्य हैं। पूर्व में अनुबंध आधार पर हुई भर्तियों के कुछ माह बाद कई शिक्षकों की विभिन्न संस्थानों में नियमित आधार पर नियुक्तियां होने के चलते एनआईटी हमीरपुर में पद खाली हुए हैं। इसके चलते अब वॉक इन इंटरव्यू के माध्यम से इन पदों को भरा जा रहा है।
उधर, एनआईटी हमीरपुर के रजिस्ट्रार प्रो. आरएस बांसटू ने कहा कि संस्थान में खाली पदों को अस्थाई तौर पर भरने के लिए वॉक इन इंटरव्यू का शेड्यूल जारी किया गया है। ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारु रूप से हो सके।