जाहू (हमीरपुर)। पुलिस चौकी जाहू से कुछ ही दूरी पर मौजूद मैकेनिक की दुकान के बाहर खड़े एक ट्रक के दो टायरों को शातिर उड़ा ले गए। इस दौरान चोरों ने वाहन को पत्थरों का जैक लगाया और टायर खोल कर ले उड़े। गाड़ी के मालिक कुश चड्ढा पुत्र स्वर्गीय राजेंद्र चड्ढा गांव और डाकघर भांवला तहसील सरकाघाट जिला मंडी ने बताया कि वह कई सालों से इस दुकान में ट्रक की मरम्मत करवाने आते हैं। कई बार रात को भी सड़क किनारे ट्रक खड़ा करते रहे। वीरवार रात को चालक ने नए टायर ट्रक में डलवाए और गाड़ी का मरम्मत कार्य शेष रहने के चलते इसे वहीं खड़ा कर दिया। जब ड्राइवर और दुकान मालिक सुबह आए तो ट्रक के दोनों नए टायर गायब थे और ट्रक को पत्थरों पर खड़ा किया हुआ था। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। इस बारे में जाहू पुलिस चौकी प्रभारी केवल सिंह ने बताया कि टायर चोरी होने की शिकायत मिली है। मामला दर्जकर छानबीन की जा रही है।