बड़सर में लावारिस पशुओं के आतंक से लोग परेशान
लोगों ने पशुओं को गोशाला में छोड़ने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिझड़ी(हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के मुख्य कस्बे मैहरे बाजार में एक लावारिस बैल के हमले से टैक्सी चालक घायल हो गया है। इस क्षेत्र में पशुओं के आतंक से लोग खासे परेशान हैं। लावारिस पशुओं के हमले से लोग घायल होकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। बुधवार को सुबह 10 बजे के करीब मैहरे बाजार में सांड ने टैक्सी चालक पर हमला कर उसे घायल कर दिया। घायल टैक्सी चालक विपिन कुमार ने बताया कि वह अपनी टैक्सी के पास खड़ा था। इतने में पीछे से सांड ने उस पर हमला कर दिया और पटककर झाड़ियों में फेंक दिया। गनीमत यह रही कि आसपास अन्य टैक्सी चालकों ने सांड को वहां से भगाया नहीं तो हमले से उसकी जान भी जा सकती थी। उन्होंने कहा कि हमले के बाद अन्य टैक्सी चालक उन्हें अस्पताल ले गए, जहां पर उनके प्राथमिक उपचार दिया गया। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व भी बाजार सहित गांवों में पशुओं के आतंक से कई लोग घायल हो चुके हैं और मौत का ग्रास बन चुके हैं। वे कई बार पशुपालन विभाग के साथ-साथ प्रशासन को भी लावारिस पशुओं से निजात दिलाने के बारे में मांग कर चुके हैं लेकिन अभी तक कार्रवाई नहीं हो पाई है। कार्यकारी एसडीएम बड़सर धर्मपाल नेगी ने कहा कि इस बारे में जल्द ही कदम उठाए जाएंगे और लावारिस पशुओं को गोशाला में भेजा जाएगा ताकि लोगों को समस्या का सामना न करना पड़े।