हमीरपुर। जिले के मंडी के लिए निर्माणाधीन राष्ट्रीय उच्च मार्ग बारिश के चलते दलदल में तबदील हो चुका है। इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों की संख्या में वाहन गुजरते हैं लेकिन कीचड़ के कारण यह वाहन फिसल रहे हैं। वहीं, स्कूल और कॉलेज जाने वाले विद्यार्थी भी कीचड़ के कारण परेशान हैं। मंगलवार को सुबह बारिश के चलते कई स्कूली बच्चे पैदल चलते समय इस सड़क पर फिसल गए। इससे उनकी वर्दी कीचड़ के कारण खराब हो गई। स्थानीय लोगों रीनू चौहान, अजय कुमार और प्रदीप सिंह ने जिला प्रशासन और एनएचएआई से इस सड़क की दशा को सुधारने के लिए कई बार गुहार लगा चुके हैं, लेकिन समस्या ज्यूं की त्यूं बनी हुई है। मौसम साफ होने पर धूल उड़ती है और बारिश होने पर सड़क दलदल में तबदील हो जाती है। एनएच के किनारे रहने वाले लोग प्रदूषण से परेशान हैं। उधर, एसडीएम हमीरपुर मनीष कुमार सोनी ने बताया कि इस बारे में एनएचएआई और निर्माण कंपनी के अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।
बाक्स:
झनिक्कर में पिछले दस दिन से पेयजल किल्लत-
झनिक्कर निवासी रीनू चौहान ने बताया कि गांव में पिछले दस दिन से पेयजल आपूर्ति बाधित है। इस बारे में जलशक्ति विभाग के अधिकारियों को भी अवगत करवा चुके हैं। अगर जल्द समस्या का समाधान न हुआ तो आंदोलन का रास्ता अख्तियार करना पड़ेगा।