हमीरपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय हमीरपुर में बुधवार को जिला स्तरीय मासिक मूल्यांकन बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी हमीरपुर डॉ. आरके अग्निहोत्री ने की। इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राकेश ठाकुर ने जिला में चल रही विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का मूल्यांकन किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अग्निहोत्री ने समस्त कार्यक्रमों की उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी के अवलोकन उपरांत सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने खंड में सभी कार्यक्रमों के शत प्रतिशत लक्ष्यों को पूरा करके उन्हें उनके संबंधित पोर्टल पर भी अपडेट करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों के अंतर्गत आवंटित राशि को नियमानुसार खर्च करने के निर्देश दिए। उन्होंने जलजनित रोगों मलेरिया और डेंगू के बचाव के लिए पानी की गुणवत्ता उसके रखरखाव के साथ-साथ शारीरिक स्वच्छता और स्वच्छ परिवेश बनाने के लिए सभी आवश्यक उपाय करने सावधानियां बरतने को कहा। बैठक में उपायुक्त हमीरपुर देवश्वेता बनिक विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित हुईं। इस दौरान बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों ने जिलाधीश के स्थानांतरण होने के पर उन्हें भावभीनी विदाई दी। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुनील वर्मा, स्वास्थ्य खंडों के खंड चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक और लेखाकार सहित अन्य मौजूद रहे।