हमीरपुर में पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने सीएम सुक्खू को घेरा
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने हमीरपुर में प्रेस वार्ता कर प्रदेश सरकार और सीएम सुक्खू को सियासी तौर पर घेरा है। पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री बीते सप्ताह हमीरपुर जिले के दौरे पर रहे। इस दौरान लोगों से मिलने के बजाय रेस्ट हाउस में आराम फरमाते रहे। मुख्यमंत्री ने शिमला में लोगों के लिए दिन निर्धारित किया है लेकिन वहां पर भी समय पर नहीं मिलते। चंडीगढ़ में सीएम हिमाचल भवन में न ठहरकर 5 स्टार होटल या हयात में ठहरते हैं, इसके क्या कारण हैं। इससे पूर्व हिमाचल प्रदेश के जितने भी मुख्यमंत्री हुए हैं वह सरकारी हिमाचल भवन में ठहरते आए हैं। प्रदेश की सरकार भ्रष्टाचार में संलिप्त है। नादौन में एक जमीन ट्रांसपोर्ट विभाग के नाम से खरीदी गई है। इस खरीदारी का न तो ट्रांसपोर्ट मंत्री को पता है और न ही एचआरटीसी निगम ने कोई इसकी डिमांड की है। यह जमीन 2 लाख 67 हजार में खरीदी गई थी। जिसे परिवहन विभाग को 6 करोड़ 72 लख रुपये में बेचा गया है। नादौन में अपने रिश्तेदारों की कौड़ियों के भाव की जमीने करोड़ों में खरीदी जा रही है। इसी तरह फतेहपुर में भी 6-7 करोड़ की जमीन को पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड को खरीद कर दिया जा रहा है लेकिन पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड ने इस जमीन को खरीदने का कोई आधार नहीं बताया गया है। 6 या 7 करोड़ की जमीन को 67 करोड़ में पावर कॉरपोरेशन को खरीदा जा रहा है जिसमें भ्रष्टाचार का संदेह है।