नादौन (हमीरपुर)। मुख्यमंत्री सुक्खू के गृह विधानसभा क्षेत्र के सिविल अस्पताल नादौन में बिना उपकरणों के विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों के ऑपरेशन नहीं कर पा रहे हैं। विशेषज्ञों की नियुक्ति कर सरकार उपकरण एवं सामान उपलब्ध कराना भूल गई है। ऐसे में विशेषज्ञ चाहकर भी मरीजों के ऑपरेशन नहीं कर पा रहे हैं। अस्पताल में प्रतिदिन 100 से 150 के बीच ओपीडी है लेकिन विशेषज्ञों के होते हुए भी मरीज दूरदराज के अस्पतालों में भटकने को मजबूर हैं। ऐसे में लोगों ने सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू से शीघ्र समस्या के समाधान की मांग उठाई है।
स्थानीय लोगों राकेश, प्रदीप, सोमदत्त, अश्वनी कुमार, सुखदेव, सीमा देवी ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से चार माह पूर्व अस्पताल में एनेस्थीसिया और सर्जन की नियुक्ति की है लेकिन पर्याप्त उपकरण मुहैया नहीं कराए गए हैं। अस्पताल में ऑपरेशन करने के लिए एनेस्थीसिया और सर्जन थियेटर में पर्याप्त स्टाफ है। मरीजों को ऑपरेशन कराने के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर, आईजीएमसी शिमला और टांडा मेडिकल कॉलेज का रुख करना पड़ रहा है। उन्होंने सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू और स्वास्थ्य विभाग से समस्या का समाधान करने की मांग की है। इस बारे में बीएमओ नादौन केके शर्मा ने कहा कि ओटी उपकरणों से संबंधित मामले में उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया गया है और जल्द ही यह सुविधा आरंभ कर दी जाएगी।