मट्टन सिद्घ में दंगल के दौरान कुश्ती करते पहलवान।
ताल(हमीरपुर)। हनुमान मंदिर मट्टनसिद्ध में रविवार को छिंज मेले का आयोजन किया गया। मेले में कुश्ती प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। मंदिर महंत मेहर सिंह पटियाल ने कहा कि छिंज मेले में 15 बंधी हुई कुश्तियां कराई गई। इसमें 150 पहलवानों ने अपना दमखम दिखाया। उन्होंने कहा कि छोटी माली के लिए मुख्य मुकाबला राजस्थान के पहलवान सुक्खा एवं चंडीगढ़ के पहलवान अमित के बीच हुआ। दोनों पहलवानों ने काफी देर तक अपने-अपने दाव पेंच आजमाए। बड़ी मशक्कत के बाद राजस्थान के पहलवान सुक्खा ने दिल्ली के पहलवान अमित को पटखनी देकर चित कर दिया एवं छोटी माली का खिताब अपने नाम कर लिया।
विजेता पहलवान सुक्खा को 15 हजार रुपये एवं सुनहरी गुर्ज, उपविजेता पहलवान अमित को 11 हजार रुपये एवं एक सुनहरी गुर्ज देकर सम्मानित किया गया। वहीं एक लाख की बड़ी माली के लिए मुख्य मुकाबला मोनू दिल्ली एवं भूपेंद्र अजनाला के बीच हुआ। लेकिन अचानक एक पहलवान के चोटिल हो जाने के कारण कुश्ती को बीच में ही रोकना पड़ा। दोनों पहलवानों को छिंज आयोजक समिति नेे बराबरी का दर्जा दिया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक आशीष शर्मा, हिमाचल प्रदेश बार काउंसिल के सदस्य एवं जिला कांग्रेस प्रवक्ता एडवोकेट रोहित शर्मा एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।