सुजानपुर ब्यास नदी में बहता पशु। संवाद
सुजानपुर (हमीरपुर)। ब्यास नदी में सुजानपुर के भलेठ में बुधवार को मृत जानवर मिले हैं। मृत जानवर नदी में कहां से आए, किसने इन्हें नदी में फेंका, इस बात का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। नदी में फेंके मृत जानवरों से पेयजल दूषित हो रहा है। ऐसे में अगर दूषित पानी की आपूर्ति जिले में हो गई तो कभी भी कोई बड़ी बीमारी इलाके में फैल सकती है। कुछ माह पहले सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की कुछ पंचायतों में डायरिया फैलने की शिकायत आई थी। कई लोग बीमार हुए थे।
पानी की सप्लाई दूषित तो नहीं हुई है, इसे लेकर सभी विभागों में अलर्ट जारी हुआ था। पेयजल स्कीमों के सैंपल तक जांच के लिए उठाए गए थे। वर्तमान में वैसी ही स्थिति पुन: न बने, इसे लेकर लोगों में दहशत है। सबसे ज्यादा मृत जानवर सुजानपुर पलाही मुख्य मार्ग के साथ बहती ब्यास नदी में देखने को मिले हैं। इस बार यह मृत जानवर पानी में बहते हुए दाडला भलेठ पंचायत में देखे गए हैं। सुजानपुर जल शक्ति विभाग में तैनात सहायक अभियंता जितेश कुमार ने कहा कि ऐसी सूचना मिली है। विभाग की टीम को मौके पर भेजा है। लोगों को जो पानी की आपूर्ति दी जाती है, पूरी तरह से शुद्ध और फिल्टर करके दी जाती है। मृत जानवर पानी में बहते हुए कहां से आए, इसे लेकर जांच पड़ताल की जा रही है।