चौगान के भीतर बड़ा पंडाल लगाकर भगवान की मूर्ति स्थापित
10 दिन तक चलेगा कार्यक्रम, 13 को किया जाएगा भंडारे का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
सुजानपुर (हमीरपुर)। उपमंडल सुजानपुर में शनिवार को गणपति बप्पा मोरया की गूंज से माहौल भक्तिमय हो गया। पूरे शहर का भ्रमण करने के बाद गणपति बप्पा को सुजानपुर के चौगान में स्थापित किया गया। सुजानपुर में गणपति भगवान की दो मूर्तियों की स्थापना की गई है। एक चौगान के भीतर बड़ा पंडाल लगाकर भगवान गणपति की मूर्ति की स्थापना की गई है तो दूसरी हनुमान मंदिर के प्रांगण में स्थापित की गई है। यह गणेश उत्सव सुजानपुर में बीते सात वर्षों से मनाया जा रहा है। इस बार लगभग पांच फीट की मूर्ति बनाकर चौगान के बीच स्थापित की गई है। हर वर्ष मूर्ति की लंबाई थोड़ी सी बढ़ानी पड़ती है। यह कार्यक्रम 17 सितंबर तक 10 दिन के लिए चलेगा। 13 सितंबर शुक्रवार के दिन भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। इसमें तीन बजे से लेकर पांच बजे तक गणपति भगवान की महिमा की गुणगान होगा। कथावाचक संजय शर्मा होंगे। वहीं, संध्या के समय प्रतिदिन सात बजे के करीब आरती का समय भी रखा गया है। इस मौके पर मनीष शर्मा, मनोज नाग, मनोज शर्मा, छोटू भाटिया, रवि आदि ने भाग लिया। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि भारी संख्या में गणपति पंडाल में पहुंचकर गणपति की महिमा का गुणगान सुनें।