शिमला। गेयटी थियेटर में मंगलवार को डीएवी लक्कड़ बाजार स्कूल के वार्षिक समारोह में बच्चों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। इसमें नृत्य नाटिका आकर्षण का केंद्र रही। नृत्य नाटिका में विद्यार्थियों ने कक्षा में प्रवेश करने के लिए बजने वाली घंटी से मिलने वाले उत्साह को दर्शाया। साथ ही स्कूल में होने वाली गतिविधियों के माध्यम से उनकी भावनाओं और अनुभवों को साझा किया। इसके अलावा कक्षा तीसरी से सातवींं तक के विद्यार्थियों ने नृत्य नाटिका हैप्पीनेस का मंचन किया। विद्यार्थियों ने इसके माध्यम से जीवन में खुश रहने का महत्व बताया। इसके बाद स्कूल प्रधानाचार्य कामना बेरी ने समारोह में उपस्थित अभिभावकों को डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से स्कूल की विभिन्न उपलब्धियों को अवगत करवाया।