लोनिवि हमीरपुर के विश्राम गृह में पत्रकारों को संबोधित करते कांग्रेसी नेता
हमीरपुर। लोकसभा चुनाव की तैयारी के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। हमीरपुर में संसदीय क्षेत्र के पर्यवेक्षक कुलदीप कुमार ने कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप पठानिया सहित ब्लॉक अध्यक्ष व अग्रणी संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में लोस चुनाव के लिए विभिन्न कमेटियों के गठन पर विस्तृत चर्चा की। प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के पर्यवेक्षक कुलदीप कुमार ने कहा कि पार्टी देश में बढ़ते सांप्रदायिक तत्वों को हराने के लिए कांग्रेस पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी आलाकमान से फरवरी और मार्च में संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशी को घोषित करने की बात भी की जाएगी। बैठक में हमीरपुर जिले के पदाधिकारियों के साथ चर्चा की गई। कांग्रेस माइक्रो लेवल तक जल्द कमेटियों का गठन करने जा रही है और संसदीय क्षेत्र के सभी जिला मुख्यालय में चुनाव के लिए वॉररूम भी बनाया जाएगा। बैठक में लिए निर्णयों को हाईकमान के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की ओर से न्याय यात्रा का उद्देश्य देश में आपसी सौहार्द बढ़ाना और सांप्रदायिक तत्वों को हराना है। पार्टी हाईकमान को हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के संभावित उम्मीदवारों की सूची तैयार कर भी भेजी जाएगी और प्रदेश के चारों सीटों पर मजबूत उम्मीदवार उतारा जाएगा।