सुजानपुर (हमीरपुर)। विकास खंड सुजानपुर की अधिकतर पंचायतों में विकास कार्यों पर खर्च की गई राशि का भुगतान रोक दिया गया है। खंड विकास अधिकारी कार्यालय सुजानपुर की ओर से यह कार्रवाई की गई है। पंचायतों को बार-बार निर्देश देने के बावजूद नियमानुसार काम नहीं हो रहा था। इसके चलते यह रोक लगाई गई है। विकास खंड सुजानपुर के अंतर्गत 22 पंचायतें आती हैं। इन पंचायतों में नियमानुसार काम नहीं हो रहा है या काम में कोताही पाई गई है, उनमें विकास कार्यों पर खर्च की गई राशि के भुगतान पर रोक लगा दी गई है।
दरअसल नियम यह है कि जो भी विकास कार्य पंचायत में होते हैं, उसमें 60 फीसदी स्थानीय पंचायत के लोगों को रोजगार दिया जाना चाहिए और 40 फीसदी निर्माण सामग्री पर खर्च होना चाहिए लेकिन अधिकतर पंचायतों में यह नियम दरकिनार किए गए हैं। अब जिन पंचायतों में 60 एवं 40 फीसदी के नियमों के मुताबिक विकास कार्य नहीं होंगे, वहां विकास कार्यों पर खर्च की गई राशि का भुगतान नहीं किया जाएगा। खंड विकास अधिकारी कार्यालय की ओर से नियमों को न मानने वाली पंचायतों को नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस में स्पष्ट शब्दों में नियम निर्धारित करके उसके अनुसार ही काम करवाने को कहा गया है। अधिकतर पंचायतों में स्थानीय लोगों को रोजगार कम दिया गया है और काम ज्यादा किया गया है। इसके चलते कार्रवाई की गई है।
कोट
खंड विकास अधिकारी सुजानपुर राजेश्वर भाटिया ने कहा कि पंचायतों में विकास कार्यों पर खर्च की गई राशि के भुगतान पर रोक लगाई गई है। जब तक नियमों का पालन नहीं होगा, भुगतान नहीं किया जाएगा। उन्होंने पंचायत में रहने वाले लोगों से आग्रह किया है कि अपनी पंचायत में रोजगार के लिए आवेदन करें। अगर पंचायतों में किसी भी तरह की समस्या रोजगार लेने के लिए सामने आती है तो लोग बीडीओ कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।