कोल्हू सिद्ध के पास एनएच निर्माण के लिए पहाड़ी की कटाई के दौरान हुआ हादसा
मजदूर ने पोकलेन ऑपरेटर को रुकने का इशारा किया लेकिन उसने देखा नहीं
मार्ग पर कार के गुजरते ही गिरने लगे पत्थर
संवाद न्यूज एजेंसी
टौणी देवी (हमीरपुर)। हमीरपुर-अवाहदेवी सरकाघाट वाया टौणी देवी निर्माणाधीन एनएच-3 पर वीरवार रात 10 बजे पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से एक कार का शीशा टूट गया। हादसे में कार के भीतर बैठे व्यक्ति की बाजू पर भी चोटें आई हैं। जानकारी के मुताबिक आचार्य संजीव शर्मा निवासी ढांगू किसी घर में पाठ करने के लिए समीरपुर जा रहे थे। कोल्हू सिद्ध के पास पहाड़ी पर एनएच के लिए बड़ी पोकलेन मशीन से कटान जारी था। इस दौरान वहां तैनात एक मजदूर ने पोकलेन ऑपरेटर को रुकने का इशारा किया लेकिन ऑपरेटर ने इशारा नहीं देखा। उसने कटान जारी रखा। दूसरी तरफ इशारे को देखकर जैसे ही संजीव शर्मा कार लेकर वहां से गुजर रहे थे तो पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे और उनकी गाड़ी को चपेट में ले लिया। कुछ पत्थर शर्मा की दोनों बाजुओं में लगे, जिससे उनको चोट पहुंची और कार का शीशा भी टूट गया। संजीव शर्मा ने कहा कि हादसे में वे बाल-बाल बचे हैं। वहां तैनात मजदूरों के पास सिग्नल की व्यवस्था भी नहीं है। इससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। हादसे में एनएच निर्माण कंपनी की लापरवाही सामने आई है। हाईवे बना रही कंपनी के पास ट्रैफिक रोकने और चलाने के लिए किसी तरह के सिग्नल की व्यवस्था नहीं है। न ही ट्रैफिक रोकने वाले मजदूरों के पास वर्दी की सुविधा है। उधर, एनएच निर्माण कंपनी के सुपरवाइजर श्रीकांत ने कहा कि जो भी नुकसान हुआ है उसकी भरपाई की जाएगी। सिग्नल भी मजदूरों को दिए जाएंगे।