सुजानपुर (हमीरपुर)। पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने सरकार पर युवाओं के साथ छल करने का आरोप लगाया है। प्रतिभाशाली और मेहनती युवा दिन-रात परीक्षा की तैयारी करते रहे, लेकिन विधानसभा सचिवालय में हुई भर्तियों में केवल नेताओं के करीबी लोगों को बैकडोर एंट्री दे दी गई। यहां जारी एक प्रेस बयान में राणा ने कहा कि प्रदेश के 68 विधानसभा क्षेत्रों में से सिर्फ तीन विधानसभा क्षेत्रों के लोगों को ही सरकारी नौकरियों में एडजस्ट किया गया। युवाओं के साक्षात्कार परिणाम रोक दिए गए, जिससे बेरोजगारों को सड़कों पर उतरना पड़ा और भूख हड़ताल तक करनी पड़ी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश को-ऑपरेटिव बैंक में भी 250 लोगों की जो भर्ती हुई है, वह भी चर्चा में हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के इतिहास में यह पहली बार हो रहा है कि तीन महीने से ट्रेजरी बंद पड़ी है। संवाद