सुजानपुर में सड़क दुर्घटना में घायल युवक को एंबुलेंस में अस्पताल लेकर जाते लोग।(संवाद)
सुजानपुर (हमीरपुर)। थाना क्षेत्र के तहत बाजार में तेज रफ्तार स्कूटी सवार ने राह चलते युवक को टक्कर मार दी। यह स्कूटी एप्लाइड फॉर नंबर थी। इस टक्कर में स्कूटी सवार दो युवकों और राहगीर युवक को गंभीर चोटें आई हैं। हादसा शनिवार दोपहर करीब 1 बजे का है। थाना प्रभारी ललित महंत ने बताया कि सुजानपुर में पंजाब नेशनल बैंक मार्ग के नजदीक सिविल अस्पताल के पास स्कूटी सवार ने राह चलते युवक को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में घायल तीनों को निकटवर्ती सिविल अस्पताल में पहुंचाया गया।
तीनों घायलों को प्रथम उपचार देने के बाद पैदल चल रहे युवक और स्कूटी चला रहे युवक की नाजुक स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर किया है। तीसरे युवक को मामूली चोटें आई हैं। इसका इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है। पैदल चल रहे घायल युवक की पहचान राजिंद्र निवासी तहसील खुडियां जिला कांगड़ा और स्कूटी चलाने वाले युवक की पहचान रोहित निवासी आलमपुर जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। थाना प्रभारी सुजानपुर ललित महंत ने कहा कि यह मामला तेज रफ्तारी का लग रहा है। जांच की जा रही है।