सुजानपुर (हमीरपुर)। तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय सुजानपुर ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत दाड़ला में भारत निर्वाचन आयोग के मतदाता जागरूकता कार्यक्रम स्वीप के तहत कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें मतदाताओं से आगामी लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव में शत-प्रतिशत मतदान की अपील की गई। उन्हें स्वतंत्र एवं निर्भय होकर तथा किसी भी तरह के प्रलोभन में आए बगैर अपने विवेक के अनुसार ही मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया। जिला कल्याण अधिकारी गीता मरवाहा ने कहा कि 85 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग मतदाताओं और दिव्यांग मतदाताओं के लिए भी मतदान सुलभ बनाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने विशेष व्यवस्था की है। घर से ही मतदान की सुविधा प्राप्त करने के लिए इन्हें फार्म-12डी पर आवेदन करना होगा। अगर ये मतदाता बूथ पर जाकर मतदान करना चाहते हैं तो वहां पर भी उन्हें विशेष सुविधा प्रदान की जाएगी।