स्वाहल स्कूल में धूमधाम से मनाया वार्षिक समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम की रही धूम
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। राजकीय उच्च पाठशाला स्वाहल में वीरवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन धूमधाम से किया गया। समारोह में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और समाजसेवी डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मुख्याध्यापक संदीप डढवाल और अन्य शिक्षकों ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। मुख्यातिथि ने स्कूल में नवनिर्मित लाइब्रेरी कक्ष और प्राथमिक स्कूल स्वाहल में स्वर्ण जयंती ज्ञानोदय के तहत स्मार्ट क्लासरूम का उद्घाटन किया। उन्होंने प्राथमिक विंग के विद्यार्थियों के लिए 5100 और माध्यमिक विंग के विद्यार्थियों को 11000 रुपये की राशि प्रदान की। समारोह में विद्यार्थियों ने पंजाबी गिद्दा, भंगड़ा, पहाड़ी नाटी, लोकगीत, समूहगान सहित अन्य शिक्षाप्रद सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मुख्याध्यापक ने अपनी वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। कार्यक्रम के अंत में शैक्षणिक और खेलकूद गतिविधियों में विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर शहरी कांग्रेस अध्यक्ष देवीदास डढवाल, जिला महासचिव रत्नचंद डोगरा, महासचिव मनोहर लाल कांगो, महिला कांग्रेस की संगीता कटोच, सुमन आर्य पंचायत बल्ह के पूर्व उपप्रधान राकेश शर्मा, रणवीर चौहान, पीसी वर्मा व स्कूल स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।