बिझड़ी (हमीरपुर)। सीटू ब्लॉक कमेटी बिझड़ी बाजार में डीजल और पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। सीटू के राष्ट्रीय सचिव डॉ. कश्मीर सिंह ठाकुर ने कहा कि जब पूरी दुनिया में कच्चे तेल की कीमतें धरातल पर हैं, तब देश की मोदी सरकार तेल पर लगातार टैक्स बढ़ा रही है और कई शहरों में पेट्रोल 100 रुपये के पार हो गया है। बढ़ती कीमतों से किराया-माल भाड़ा में भी वृद्धि होना स्वाभाविक है। इससे महंगाई और ज्यादा बढ़ेगी। मोदी सरकार के दो उद्योगपतियों के साथ गठजोड़ ने पूरी अर्थव्यवस्था को धरातल पर ला दिया है। एक तरफ कोरोना के चलते देश में बेरोजगारी बेतहाशा बढ़ी है। वहीं, दूसरी तरफ सरकार मजदूरों किसानों के जुड़े श्रम कानूनों को उद्योगपतियों और कारपोरेट कंपनियों के पक्ष में बदल रही है।