अवाहदेवी वाया तरक्वाड़ी संपर्क मार्ग तक झाड़ियों को आपसी सहयोग से काटा
बरसाक के मौसम में मार्ग की तरफ फैल गई थी झाड़ियां
संवाद न्यूज एजेंसी
जाहू (हमीरपुर)। भोरंज उपमंडल की कंज्याण पंचायत के ढो ग्राम सुधार सभा के सदस्यों ने ग्रामीणों के सहयोग से डेढ़ किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग के किनारे उगी झाड़ियों को काटा हैै। बरसात के मौसम में झाड़ियां सड़क की तरफ फैल गई थीं। इससे आवागमन बाधित हो रहा था। लोगों ने श्रमदान से इन्हें काट दिया है और संपर्क मार्ग साफ कर दिया है। यही नहीं भविष्य में भी सामूहिक रूप में ग्रामीण विकास के लिए सहयोग करने का संकल्प लिया है। कंज्याण पंचायत के पूर्व प्रधान पवन कुमार ने बताया कि ग्राम सुधार सभा ढो के अध्यक्ष सुकेश नेगी, विकास कुमार, राजेश वर्मा, जगजीत सिंह, मदन लाल, उत्तम चंद, राकेश कुमार, जगरूप सिंह, रमेश चंद, प्रीतम सिंह, पूर्ण चंद, मिलाप चंद, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य ओम प्रकाश नेगी, सुशील कुमार, सुरेंद्र सिंह, शशि कुमार, हेमराज व अन्य ने मिलकर रविवार को श्रमदान करके सामूहिक रूप से डेढ़ किलोमीटर गांव ढो के लिंक रोड से मेन रोड बस्सी से अवाहदेवी वाया तरक्वाड़ी सड़क तक झाड़ियों को काटकर साफ किया है। गांव के लिंक रोड के दोनों किनारों पर उगी झाड़ियों से आने जाने के लिए कई दिनों से ग्रामीणों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ग्राम सुधार सभा के सदस्यों और ग्रामीणों ने मिलकर सराहनीय कार्य करके दूसरे गांवों के लोगों के लिए मिसाल कायम की है। कंज्याण पंचायत के पूर्व प्रधान पवन कुमार का कहना है कि विकास कार्यों के लिए सरकारें पैसा देती हैं लेकिन सुविधा के लिए तैयार लिंक रोड और ग्रामीण रास्तों की लोगों को स्वयं देखभाल करनी चाहिए। इससे जहां ग्रामीण विकास को मजबूती मिलगी, वहीं आपसी भाईचारा भी बढेगा। इसी उद्देश्य के लेकर ग्राम सुधार सभा ढो के साथ मिलकर ग्रामीणों ने लिंक रोड की झाड़ियों को काट कर साफ किया है।