स्थानीय बाजार के दुकानदारों की मांग पर पंचायत ने जारी किए आदेश
एक सप्ताह के ज्यादा समय तक सामान बेच रहे थे मेला मैदान में दुकानदार
संवाद न्यूज एजेंसी
जाहू (हमीरपुर)। तीन जिलों हमीरपुर, बिलासपुर और मंडी के संगम स्थल जाहू में लगे मेवा उत्सव में सजी दुकानों को स्थानीय पंचायत ने सोमवार से पहले हटाने के आदेश जारी किए हैं। इसके लिए बाकायदा पंचायत ने सूचना जारी करके उत्सव में आए दुकानदारों को जानकारी दी है। जाहू पंचायत के मेला मैदान में एक अक्तूबर से मेवा उत्सव आरंभ हुआ है। यह मेवा उत्सव आठ अक्तूबर तक संचालित होना था लेकिन दुकानदारों की मंदी को देखते हुए इसे आगे बढ़ाया गया है। अब जाहू व्यापार मंडल के सदस्य व दुकानदार मेले से दुकानें बंद करने की मांग स्थानीय पंचायत से कर रहे थे। इसी मांग को लेकर जाहू पंचायत ने मेवा उत्सव में लगी करीब 300 दुकानों को रविवार शाम तक हटाने के आदेश जारी कर दिए हैं। मेवा उत्सव में लगी दुकानों में रविवार का दिन आखिरी दिन होने के लिए दिनभर दुकानों में काफी भीड़ रही। सस्ता सामान होने के कारण लोगों ने खूब खरीदारी की। दूसरी ओर दुकानदारों ने सामान बिकने के बाद खाली हुए प्लास्टिक के लिफाफे मेला ग्राउंड में ही फेंक दिए हैं। दुकानदारों ने स्वच्छ भारत मिशन को विफल करने का प्रयास किया है। जबकि, पंचायत ने स्वच्छता बनाए रखने के सख्त आदेश दिए थे। इसके बावजूद दुकानदारों ने स्वच्छता की ओर कोई ध्यान नहीं दिया है। जाहू पंचायत प्रधान एवं मेवा उत्सव कमेटी की अध्यक्ष अनुराधा शर्मा का कहना है कि पंचायत ने मेवा उत्सव में लगी सभी दुकानों को हटाने के आदेश दिए हैं।