एनएच पर डिडवीं टिक्कर के समीप सड़क पर पड़े गड्ढे। स्रोत:संवाद
हमीरपुर। नेशनल हाईवे-88 के हालात इन दिनों बदतर हैं। शिमला-मटौर एनएच के तहत हमीरपुर के डिडवीं टिक्कर में बड़े-बड़े गड्ढे पड़े हुए हैं, जिससे हाईवे से गुजरने वालों को हादसे का डर सता रहा है। वहीं, मार्ग से गुजरने वाले वाहनों को नुकसान हो रहा है। वाहन चालकों का कहना है कि गड्ढों के कारण वाहन के कलपुर्जे टूट रहे हैं।
बरसात के मौसम में जिला हमीरपुर के उखली से नादौन तक गड्ढे ही गड्ढे हैं। कहीं-कहीं तो इनका साइज इतना बड़ा है कि छोटे वाहनों के टायर भी फंस रहे हैं। नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे पा रहे हैं। वाहन चालकों और लोगों में इससे काफी नाराजगी है। उनका कहना है कि लाखों रुपये खर्च करने और रोड टैक्स अदा करने के उपरांत भी नेशनल हाईवे की हालत नहीं सुधारी जा रही है।
उधर, एनएचएआई के उप प्रबंधक ब्रिजकांत ने बताया कि नेशनल हाईवे-88 शिमला से मटौर पर बरसात के दौरान पड़े गड्ढों की मरम्मत का कार्य लोक निर्माण विभाग को सौंपा गया है। अब इस कार्य को हिमाचल लोक निर्माण विभाग ही पूरा करेगा।