हमीरपुर। उपमंडल भोरंज के कंज्याण में निजी होटल में शनिवार को डोगरा रेजिमेंट की 15वीं बटालियन का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। इसमें हिमाचल, पंजाब व जम्मू कश्मीर से 15वीं बटालियन के पूर्व सैनिकों और वीर नारियों ने भाग लिया। कई पूर्व सैनिकों ने इस कार्यक्रम में सपरिवार पहुंचकर इसकी शोभा बढ़ाई। डोगरा रेजिमेंट की 15वीं बटालियन का इतिहास बड़ा ही वीरतापूर्ण रहा है। डोगरा रेजिमेंट की 15वीं बटालियन की स्थापना 15 जुलाई 1948 को जालंधर पंजाब में हुई थी। बटालियन को आगे बढ़ाने और प्रथम कमान अधिकारी होने का गौरव लेफ्टिनेंट कर्नल उमराव सिंह को प्राप्त हुआ। बटालियन ने 1965 व 1971 की लड़ाई में अपनी बहादुरी का परिचय दिया। बटालियन ने कई महत्वपूर्ण ऑपरेशनों में भाग लिया। जिनमें ऑपरेशन कैक्टस लिली, ऑपरेशन पवन, ऑपरेशन राईनो व ऑपरेशन रक्षक में इस बटालियन ने भाग लिया। इस बटालियन को अपनी बहादुरी के लिए एक वीर चक्र, 12 सेना मेडल, एक विशिष्ट सेना मेडल और एक शौर्य चक्र व अन्य बहादुरी के मेडल और प्रशस्ति पत्र प्राप्त किए। स्थापना दिवस समारोह में कैप्टन सुरेंद्र सिंह ठाकुर, कैप्टन रणजीत सिंह राणा, सूबेदार मेजर रोशन लाल चौहान, कैप्टन सुरेश कुमार ठाकुर, कैप्टन अमर सिंह राणा, हवलदार सुनील सिंह चौहान, कैप्टन रत्न चंद पठानिया आदि मौजूद रहे।