हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में शनिवार को एक सात वर्षीय बच्ची की किडनी निकालने का ऑपरेशन सफल रहा है। पस पड़ जाने के कारण बच्ची की किडनी पूरी तरह से खराब हो गई थी। डॉक्टरों के लिए इसे निकालना ही एकमात्र विकल्प था। मेडिकल कॉलेज में इस तरह का ऑपरेशन दूसरी बार किया गया है।
इससे पूर्व एक महिला की किडनी में पथरी के कारण पस पड़ गई थी। ऐसे में उसकी भी किडनी को निकाल दिया गया था। सात साल में ही बच्ची की किडनी में पस कैसे पड़ी इसका पता लगाने के लिए चिकित्सक पस टेस्ट करवा रहे हैं। कई बार बच्चे के जन्म के समय या कई बार टीबी बीमारी के कारण किडनी में पस पड़ जाती है। राहत की बात यह है कि बच्ची अब ठीक है। अभी चिकित्सकों ने इसे अपनी निगरानी में रखा है। शीघ्र ही इसे छुट्टी कर दी जाएगी। यह बच्ची कई दिनों से अपनी समस्या को लेकर पीजीआई जा रही थी लेकिन वहां पर ऑपरेशन के लिए लंबी तिथि दी जा रही थी। ऐसे में सप्ताह पूर्व यह बच्ची मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंची। चिकित्सकों ने कुछ दिन दवाई दी और शनिवार को ऑपरेशन कर किडनी को निकाल दिया गया। यह ऑपरेशन मेडिकल कॉलेज के सर्जन और प्राचार्य डॉ. रमेश भारती और डॉ. जोगिंद्र की ओर से किया गया है। इस बारे में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने कहा कि बच्ची की किडनी में पस पड़ गई थी। ऐसे में किडनी को निकालना जरूरी था। मेडिकल कॉलेज में पहले भी ऐसा ऑपरेशन किया गया है।