भोरंज (हमीरपुर)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पहली जनवरी 2024 की अहर्ता तिथि के आधार पर करवाए जा रहे फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2024 के तहत चार और पांच नवंबर और 18 एवं 19 नवंबर को प्रत्येक मतदान केंद्र पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इस विशेष अभियान का जायजा लेने के लिए शनिवार को एसडीएम एवं भोरंज विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी संजय कुमार ने मतदान केंद्र परोल-एक, परोल-दो, तरक्वाड़ी-एक, तरक्वाड़ी-दो, अम्मण और टूह का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभिहित अधिकारियों की ओर से भरे गए प्रारूपों का निरीक्षण भी किया।
उन्होंने अभिहित अधिकारियों को अभियान के प्रत्येक दिन शाम पांच बजे तक निर्धारित अभिहित स्थानों पर उपस्थित रहने तथा सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाना सुनिश्चित करें। एसडीएम ने कहा कि एक अप्रैल 2024, एक जुलाई 2024 और एक अक्तूबर 2024 की अहर्ता तिथि को 18 वर्ष या इससे अधिक की आयु पूर्ण करने वाले युवा भी निर्वाचक नामावली में अपना नाम सम्मिलित करवाने के लिए नौ दिसंबर तक प्रारूप-छह पर अपने आवेदन अग्रिम में भी प्रस्तुत कर सकते हैं। औचक निरीक्षण के दौरान एसडीएम के साथ निर्वाचन कानूनगो टिंकल ठाकुर भी उपस्थित रहीं।