पुलिस लाइंस हमीरपुर में आयोजित संयुक्त सलाहकार एवं कल्याण समिति तथा अपराध बैठक की अध्यक्षता करत
हमीरपुर। जिला हमीरपुर में मादक पदार्थ विक्रेताओं और मादक पदार्थ उपलब्ध करने वालों, अवैध खनन, शराब तस्करी और अवैध कार्य करने वालों के विरुद्ध विशेष सघन अभियान चलेगा। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर डॉ. आकृति शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को पुलिस लाइंस हमीरपुर में संयुक्त सलाहकार एवं कल्याण समिति तथा अपराध बैठक हुई।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हमीरपुर अशोक कुमार वर्मा, पुलिस उप अधीक्षक हमीरपुर रोहिन डोगरा, उपमंडलीय पुलिस अधिकारी बडसर शेर सिंह, उप पुलिस अधीक्षक (एलआर) हमीरपुर सुनील दत्त तथा 40 पुलिस कर्मचारियों ने भाग लिया। सबसे पहले बैठक में पुलिस कर्मचारियों के कल्याण से संबंधित मुद्दों को सुना गया तथा सभी मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर निवारण किया गया।
इसके उपरांत आयोजित अपराध बैठक में पूर्व में घटित सभी जांच अधीन अभियोगों तथा कानून और व्यवस्था की गहनता से समीक्षा की गई तथा इस बैठक के दौरान सभी को आगामी मेलों, त्योहारों और समारोहों के सफल आयोजन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। इस बैठक के दौरान समस्त पर्यवेक्षक अधिकारियों, थाना एवं पुलिस चौकी प्रभारियों को लंबित अभियोगों के अन्वेषण को तुरंत पूर्ण करने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।
बैठक के दौरान मादक पदार्थ विक्रेताओं व मादक पदार्थ उपलब्ध करने वालों, अवैध खनन, शराब तस्करी व अवैध कार्य करने वालों के विरुद्ध विशेष सघन अभियान चलाने व कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के संदर्भ में भी सभी को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए। सभी थाना एवं पुलिस चौकी प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्र में नियमित गश्त व नाकाबंदी करने तथा संदिग्ध गतिविधियों वाले सभी व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखने व तुरंत कार्रवाई करने के संदर्भ में भी दिशा-निर्देश जारी किए गए।
पुलिस अधीक्षक ने बैठक के अंत में सभी पुलिस अधिकारियों व पुलिस कर्मचारियों को अपने कर्तव्य निर्वहन के दौरान नैतिक, ईमानदार, पेशेवर व गैर-पक्षपाती व्यवहार करने के संदर्भ में भी विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए।