अंडर-19 जिलास्तरीय टूर्नामेंट के दूसरे दिन टौणी देवी स्कूल ने ताइक्वांडो में दबदबा बनाए रखा
संवाद न्यूज एजेंसी
टौणी देवी (हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टौणी देवी में 3 दिवसीय अंडर-19 लड़कों के जिलास्तरीय टूर्नामेंट के दूसरे दिन टौणी देवी स्कूल ने ताइक्वांडो में दबदबा बनाए रखा। टौणी देवी स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 10 पदकों में से 6 गोल्ड और 3 सिल्वर पदक जीतकर चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। गोल्ड मेडल विजेताओं में अनुराग भूषण, नीरज, सचिन, अनमोल, सक्षम, अनुराग ने अपने बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन किया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन ने न केवल स्कूल का मान बढ़ाया, बल्कि उन्हें जिलास्तर पर शीर्ष स्थान दिलाया। प्रधानाचार्य रजनीश रांगड़ा ने बताया कि इस टूर्नामेंट में ताइक्वांडो के मुकाबले रोमांचक रहे। जहां खिलाड़ियों ने अद्भुत आत्मविश्वास और खेल भावना का परिचय दिया। सिल्वर मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों ने भी उच्च स्तर का प्रदर्शन करते हुए अपनी क्षमता को साबित किया। ताइक्वांडो में टौणी देवी स्कूल की इस सफलता ने स्कूल को प्रतियोगिता का सबसे मजबूत प्रतियोगी बना दिया। दूसरी ओर योग प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौरी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि हिम अकादमी स्कूल ने द्वितीय स्थान हासिल किया। योग में भाग लेने वाले विद्यार्थियों ने अपनी लचीलेपन और संतुलन का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बास्केटबाल में भी जोरदार मुकाबले देखने को मिले। टूर्नामेंट के दूसरे दिन के खेल के बाद टौणी देवी और शिक्षा ज्योति परोल की टीमें फाइनल में पहुंचने में कामयाब रहीं। बास्केटबाल के फाइनल मैच को लेकर स्टेडियम में भारी उत्साह देखा जा रहा है, जहां दर्शक और प्रशंसक दोनों टीमों का समर्थन करने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस प्रतियोगिता में जिले के 29 स्कूलों के 294 खिलाड़ी विभिन्न खेलों में भाग ले रहे हैं।