नादौन (हमीरपुर)। यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए नादौन पुलिस की ओर से जारी अभियान के तहत शुक्रवार को भी एक स्कूल बस को जब्त किया गया है। जबकि पांच अन्य स्कूल बसों के चालान काटे गए हैं। इस दौरान थाना प्रभारी प्रवीण राणा की अगुवाई में पुलिस टीम ने स्थानीय मिनी सचिवालय परिसर के निकट नाका लगाकर वाहनों का निरीक्षण किया। नाके के दौरान पांच स्कूल बसों के चालान किए गए। जबकि, एक स्कूल बस को जरूरी दस्तावेज न होने पर जब्त कर लिया गया। इस दौरान 30 के करीब अन्य वाहनों के चालान काटे गए। थाना प्रभारी प्रवीण राणा ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि कोई भी वाहन चालक नियमों का उल्लंघन करता हुआ पकड़ा गया तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। राणा ने बताया कि अब पुलिस ने नादौन शहर को प्लास्टिक मुक्त करने के लिए विशेष अभियान आरंभ किया है। यदि इनका प्रयोग करता हुआ कोई पकड़ा गया तो उसके विरुद्ध नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।