दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के तहत आने वाले वन परिक्षेत्र में साढ़े 27 हेक्टेयर भूमि पर विभिन्न प्रकार के औषधीय पौधे लगाए जा रहे हैं। फायर सीजन में सबसे अधिक आग इन्हीं जंगलों में लगी थी। ऐसे में वन विभाग की ओर से क्षेत्र को हरा भरा रखने के लिए पौधरोपण का कार्य किया जा रहा है। शुक्रवार को ग्राम पंचायत रैली के धार सिद्ध में वन विभाग की ओर से अलग-अलग किस्म के पौधे रोपित किए गए। वन परिक्षेत्र अधिकारी मुनीश कुमार ने कहा कि बरसात के मौसम में विभाग की ओर से पौधे रोपित किए जाते हैं। इसी के तहत रैली में कचनार, हरड़, बेहड़ा, आंवला, जामुन आदि फलदार पौधे रोपित किए गए हैं। इस क्षेत्र की वन संपदा को कायम रखने के लिए विभाग कार्य कर रहा है। औषधीय पौधों के साथ-साथ फलदार पौधे भी लगाए गए हैं ताकि वनों में रहने वाले बंदर आदि जानवरों को भोजन की व्यवस्था जंगल के अंदर ही हो जाए। इससे वह गांव से दूर रहें। विभाग हर यह संभव प्रयास करता है कि जंगलों की रक्षा हो। पेड़ पौधों की सुरक्षा के लिए विभाग कार्य कर रहा है।